अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से दुनियाभर में राम मंदिर की चर्चा चल रही है। रामलला के दर्शन के लिए मंदिरों में भारी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में बीते दिन मंगलवार को 250 मुस्लिम राम भक्तों का जत्था अयोध्या पहुंचा और रामलला के दर्शन किए।

बड़ी बात यह है कि मुस्लिम रामभक्त 25 किमी रोजाना चलकर 5 दिन में अयोध्या पहुंचे। दर्शन के बाद  मुस्लिम रामभक्तों ने भगवान राम को अपना पूर्वज बताया। य मुस्लिमों का ये जत्था लखनऊ से अयोध्या पहुंचा था।  

25 जनवरी को लखनऊ से निकला सैकड़ों मुस्लिम राम भक्तों का जत्था 30 जनवरी को रामलला का आशीर्वाद लेने पहुंचा था। दरअसल, दर्शन करने आए मुस्लिम समाज के ये लोग भगवान श्रीराम को अपना पूर्वज मानते हैं, उन्होंने ने भगवान राम को अपना नबी बताया है।

गौरतलब है कि प्राण-प्रतिष्ठा के दूसरे दिन (23 जनवरी) से लेकर 30 जनवरी केवल 8 दिनों के अंदर 22 लाख से अधिक राम भक्तों ने अपने आराध्य श्री रामलला के दर्शन कर लिए हैं। 23 जनवरी को सर्वाधिक 5 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। 24 जनवरी को 3.5 लाख, 25 जनवरी को 2.5 लाख, 26 जनवरी को 3.5 लाख, 27 जनवरी को 2.7 लाख, 28 जनवरी को 2 लाख, 29 जनवरी को 1.75 लाख और 30 जनवरी को 1.50 से अधिक लोगों ने रामलला के दर्शन किए। श्रद्धालुओं का अयोध्या आने का सिलसिला लगातार जारी है।