उत्तर भारत में जड़ें जमाने के बाद भारतीय जनता पाटी अब दक्षिण के राज्यों में पैर पसारने को बेताब है। भाजपा की सबसे ज्यादा निगाह आंध्रपदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु पर टिकी हैं। इन राज्यों में लोकसभा की 100 सीट हैं जो भाजपा के मिशन 2024 की रणनीति का अहम हिस्सा हैं। 

इन राज्यों में विस्तार के चलते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा इन राज्यों के विशिष्ट लोगों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। इस कड़ी में शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हैदराबाद में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज से मुलाकात की। 
 
दो दिन पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दक्षिण के बड़े फिल्मी सितारे जूनियर एनटीआर से भी मुलाकात की थी।  वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दक्षिण भारत के सुपर सितारे चिरंजीवी से मुलाकात कर चुके हैं।  

यह माना जा रहा है कि भाजपा के मिशन दक्षिण के तहत इनमें से कई सितारे भाजपा में शामिल भी हो सकते हैं। जिससे भाजपा की इन राज्यों में संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। हाल ही में भाजपा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में दक्षिण से प्रतिनिधित्व दिया गया है। संसदीय बोर्ड में डॉ. के. लक्ष्मणको शामिल किया गया है जो तेलंगाना राज्य से आते हैं और राज्य की इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।  

बड़ी बात यह है कि भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी धमक बना चुकी है। बीते लोकसभा चुनाव में उसे राज्य में अप्रत्याशित सफलता भी हासिल हुई थी। वहीं कर्नाटक में भाजपा की सरकार है और लोकसभा चुनाव में भी उसे यहाँ खासी सफलता मिल चुकी है। ऐसे में दक्षिण के आंध्रपदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु भाजपा के मिशन 2024 की रणनीति का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं।