दिल्ली में MCD चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल कमर कस चुके हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद एक चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पीएम ने 'मन की बात' कार्यक्रम में कभी राजनीति पर बात नहीं की, उन्होंने हमेशा राष्ट्र की बात की, समाज की बात की. 'मन की बात' कार्यक्रम से हमें एक दिशा मिलती है. आज देश आगे बढ़ रहा है लेकिन दिल्ली उससे वंचित है.
देंखे वीडियो लाइव-
केजरीवाल सरकार पर नड्डा का वार-
जेपी नड्डा बोले, इसका मूल कारण है यहां की सरकार जो आम आदमी के विरोध में कार्य कर रही है. AAP के असहयोग के बावजूद हमने MCD के 13 हजार कर्मचारियों को नियमित करने का कार्य किया. ये ऐसे कट्टर ईमानदार निकले कि शराब के ठेकेदारों के 12% कमीशन में से 6% खुद ले लिया. ठेके बंद करवाने की कहने वाले ने मोहल्ले-मोहल्ले में ठेका खुलवा दिया.
दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन पर वार करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि इन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं ऐसी बेहतर की है कि तिहाड़ जेल में मसाज सेंटर खुलवा दिया और शिक्षा का स्तर ऐसा सुधारा कि 'रेपिस्ट' को 'थेरेपिस्ट' बता दिया. इन्होंने क्लास रूम और बाथरूम निर्माण के ठेके का रेट एक कर दिया. आम आदमी पार्टी का ताहिर दंगे करवाने के लिए जेल में है, सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद है और ये खुद को 'कट्टर ईमानदार' बताते हैं.
नड्डा ने रविवार को दिल्ली के वजीरपुर इलाके में पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मानते हुए कहा कि दिल्ली की जनता का हित- कमल के निशान में है, भारतीय जनता पार्टी के साथ है. मैं जनता से अपील करता हूं कि वो MCD चुनाव में बीजेपी को विजयी बनाए.