हरियाणा में एक बार फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में नायब सैनी 17 अक्टूबर को शपथ ग्रहण करेंगे। नायब सैनी सुबह 10 बजे CM पद की शपथ लेंगे।
हरियाणा में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 37 सीटों पर सिमट गई। इस चुनाव में जेजेपी और आम आदमी पार्टी का सफाया हो गया और इनेलो सिर्फ दो सीटें जीतने में कामयाब रही। राज्य की तीन सीटें अन्य के खाते में गईं।
कार्यक्रम पंचकुला में आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ''मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्टूबर को पंचकुला में होगा।
शपथ ग्रहण समारोह में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस समारोह में बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा सरकार की नई कैबिनेट में अनिल विज, कृष्ण लाल मिढ़ा, श्रुति चौधरी, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल, निखिल मदान को जगह मिल सकती है। मार्च 2024 में बीजेपी ने नायब सिंह सैनी को हरियाणा पार्टी अध्यक्ष पद से मुख्यमंत्री बना दिया। उस समय बीजेपी मनोहर लाल के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही थी।
आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने 8 अक्टूबर को हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के नतीजे घोषित कर दिए। चुनाव नतीजों में बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूर्ण बहुमत मिल गया। साथ ही कांग्रेस को तीसरी बार विपक्ष में बैठना पड़ेगा।
बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस को 37 सीटें मिलीं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को हुआ था जबकि मतगणना 8 अक्टूबर को हुई थी। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ने सारा दोष ईवीएम पर मढ़ दिया। हाल ही में कांग्रेस के कुछ नेता 20 शिकायतें लेकर चुनाव आयोग पहुंचे थे। चुनाव आयोग ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह जांच करेगा।