ऑस्ट्रेलिया में टी- 20 विश्व कप का आगाज धमाकेदार अंदाज़ में हुआ है। विश्व कप के क्वालीफायर मुकाबलों के पहले ही मैच में बड़ा उलटफेर करते हुए नामीबिया ने श्रीलंका को 55 रनों से रौंद दिया। श्रीलंका की टीम ने हाल ही में भारत और पाकिस्तान को चौंकाते हुए एशिया कप जीता था।
विश्व कप के क्वालीफायर मुकाबलों श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने श्रीलंका के सामने 164 रन का लक्ष्य रखा। 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका 108 रन पर आल आउट हो गई।
इस मैच में नामीबिया ने तीन विकेट 35 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। खराब शुरुआत से उबरते हुए नामीबिया ने आखिरी पांच ओवरों में 68 रन बनाए। जेजे स्मिट और जैन फ्रीलिंक ने शानदार बल्लेबाजी की। फ्रीलिंक ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए और 31 रन की पारी खेली।
जवाब में श्रीलंका ने 40 रन पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए। भानुका राजपक्षे (20) और कप्तान दसुन शनाका (29) ने पारी को संभालकर पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़े, लेकिन 74 रन के स्कोर पर राजपक्षे के आउट होते ही श्रीलंकाई विकेटों की झड़ी लग गई। श्रीलंका अपने आखिरी पांच विकेट 34 रन पर गंवाकर 108 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।