होली एवं रंगपंचमी के दौरान नर्मदापुरम शहर के संवेदनशील पोस्ट ऑफिस एवं हर्बल पार्क घाट पर प्रवेश प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति बैठक में कलेक्टर ने कहा कि होली एवं रंगपंचमी पर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं उन्होंने होली पर्व के दौरान सभी वार्डों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश नगर पालिका को दिए।

पर्व के दौरान ऐसे स्थान जहां होलिका दहन किया जाता है, उन्हें चिन्हित कर वहां सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए अग्निशामन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रहे। होली पर्व में लकड़ियों की आवश्यकता के दृष्टिगत वन विभाग को सभी डिपो में लकड़ियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शांति समिति की बैठक में आगामी पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था के संबंध में समिति सदस्यों द्वारा उपयोगी सुझाव दिए गए। बैठक में प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी नर्मदापुरम शैलेन्द्र बडोनिया ने बताया कि इस बार सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से शहर में ग्रीन होली बनाई जाएगी। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शब ए बारात के दौरान सभी कब्रिस्तान पर पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवारा पशुओं को नगर पालिका के वाहनों द्वारा उचित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।