कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए तैयारियों का दौर मप्र कांग्रेस ने तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ दो दिन बाद राहुल के मप्र के रास्तों पर हो रहीं तैयारियों को देखने पहुंचेंगे। वे नेपानगर से इंदौर तक के मार्ग का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा 21 नवंबर को जब यात्रा मप्र मे दाखिल होगी तो मप्र की सीमा पर इसकी अगुवाई करने मौजूद भी रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक राहुल की यात्रा मप्र में करीब 12 दिन रहेगी। इस दौरान कांग्रेस का प्रयास है कि उज्जैन व इंदौर के बीच में राहुल की बड़ी सभा कराई जाए। बताया जाता है कि राहुल ने हर राज्य में एक बड़ा कार्यक्रम अब तक किया है। कर्नाटक, तेलंगाना की ही तरह मप्र कांग्रेस भी चाहती है कि बड़ी सभा का आयोजन हो। हालांकि राहुल हर दिन यात्रा की समाप्ति पर रात के वक्त नुक्कड़ सभा करते हैं। इस संबंध में राहुल की यात्रा के प्रबंधकों से भी मप्र की बातचीत जारी है।
भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में 21 नवंबर के आसपास प्रवेश संभावित है। इस मौके पर मप्र की सीमा पर बुरहानपुर जिले में कमलनाथ समेत अजय सिंह, अरुण यादव व कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता स्वागत के लिये मौजूद रहेंगे। जब यात्रा मप्र में प्रवेश करेगी तब मप्र के विभिन्न जिलों में चल रही उपयात्रा भी इसमें समाहित हो जायेंगी।
सियासी फायदे का गणित
सूत्रों का कहना है कि मप्र कांग्रेस राहुल की यात्रा से अगले वर्ष के विस चुनाव में फायदे का गणित बना रही है। मालवा निमाड़ क्षेत्र को मजबूत करने के साथ ही उज्जैन में राहुल के महाकाल मंदिर पहुंचने व दर्शन करने के साथ ही नर्मदा में डुबकी लगाने के कार्यक्रम के जरिये कांग्रेस सॉफ्ट हिंदुत्व का भी संदेश देने का प्रयास कर रही है। मप्र में अगले वर्ष होने वाले चुनाव के नजरिये से पार्टी को उम्मीद है कि राहुल की सभा व यात्रा से माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
यही राजनीति का लक्ष्य
इधर कमलनाथ ने शहडोल में जनसभा की और कहा कि मप्र में भाजपा की 18 वर्ष से सरकार है , इन वर्षों में भाजपा सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचार ,महंगाई बेरोजगारी ,घर-घर दारु व माफिया राज दिया है। शिवराज सरकार में आज प्रदेश की पहचान माफिया राज, मिलावटखोरों से होती है। जनता अब भाजपा कार्यकाल की एक-एक बात का हिसाब लेगी। नाथ ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर कन्याकुमारी से कश्मीर तक तीन हजार किलोमीटर से अधिक पैदल यात्रा कर रहे हैं ,वे काफी मेहनत व परिश्रम कर रहे हैं ताकि जनता व युवाओं किसानो का भविष्य सुरक्षित रह सके, यही कांग्रेस की राजनीति का लक्ष्य है।