राज्यसभा चुनाव से पहले अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस को एक और झटका लगा है। नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी को नोटिस दिया है..!
बताया जा रहा है कि 8 जून को ईडी दोनों नेताओं से पूछताछ कर सकती है। राहुल गांधी अभी विदेश दौरे पर हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि वह पेश होने के लिए जांच एजेंसी से कुछ वक्त देने की मांग सकते हैं। ईडी इस मामले में कुछ दिनों पहले पवन बंसल से पूछताछ कर चुका है। वहीं, इस समय पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 1942 में नेशनल हेराल्ड अखबार शुरू किया गया, उस समय अंग्रेजों ने इसे दबाने की कोशिश की, आज मोदी सरकार भी यही कर रही है और इसके लिए ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा। हम लोग इससे झुकने वाले नहीं हैं, बल्कि हम सीना ठोक कर लड़ेंगे।