उत्तराखंड  केदारनाथ से 16 किमी पहले रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड में भीषण भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हो गई है और 17 लोग लापता हैं। गौरतलब है कि पहाड़ से आए भारी मलबे में सड़क किनारे बनी दो दुकानें और ढाबे बह गए। इन दुकानों और ढाबों में 4 स्थानीय लोग और 16 नेपाली मूल के लोग थे। जिला प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है, कि SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है।

मंदाकिनी नदी के उफान पर होने के कारण शुक्रवार को बचाव अभियान में बाधा आई। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौके पर जाकर हालात का जायजा लेंगे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार सुबह गंगोत्री हाईवे का 60 मीटर हिस्सा खाई में गिर गया। जिसके चलते हाईवे पर यातायात बंद हो गया है।

गौरीकुंड में हुए भूस्खलन की घटना पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है, ''यह घटना बेहद दुखद है। अब तक 17 लोगों के लापता होने की सूचना है।बचाव कार्य जारी है। सभी एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। अभी हमारी प्राथमिकता लापता लोगों को ढूंढना है। पूरी सहायता प्रदान की जा रही है।"

आपको बता दें, कि देश के 18 राज्यों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान शामिल हैं।