दिल्ली शराब नीति में मनी लांड्रिंग के आरोप में ED द्वारा गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 4 दिसंबर तक बढ़ा दी है।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को ख़त्म हो रही थी। इसलिए उन्हें दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत में पेश किया गया था। अब 4 दिसंबर को संजय सिंह फिर कोर्ट में पेश होंगे। वहीं 30 नवंबर तक ईडी इस मामले में चार्जशीट दाखिल करेगी।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बीते 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था, जो कि इस मामले में गिरफ्तार होने वाले ‘आप’ के दूसरे बड़े नेता हैं।
इससे पहले आबकारी नीति मामले में आरोपी दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को ईडी के साथ ही सीबीआई ने भी गिरफ्तार किया है। जबकि आम आदमी पार्टी ED की कार्रवाई को केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित साजिश करार दे रही है।