दिल्ली,पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही। कम विजिबिलिटी के कारण सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का काफिला भी हादसे का शिकार हो गया।
हरियाणा के हिसार में घनी धुंध के कारण उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले की टक्कर हुई है। हिसार से सिरसा जाते वक्त देर रात अग्रोहा के नजदीक सड़क हादसे में दुष्यंत चौटाला बाल-बाल बच गए। काफिले में सवार पुलिस कमांडो को चोटें आई हैं।
वहीं उत्तरप्रदेश के नोएडा में रविवार सुबह रेलिंग तोड़कर एक बस 10 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में एक शख्स की मौत भी हो गई। वहीं, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विजीबिल्टी कुछ मीटर ही रही। एक यात्री ने इसका वीडियो शेयर किया है।
अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भी मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा, यहां भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आगरा में कोहरे के कारण ताजमहल पहुंचने वाले पर्यटकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण ताजमहल दिखाई नहीं दे रहा था। यूपी के मेरठ में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है और शीत लहर जारी है। मंगलवार की सुबह घना कोहरा देखा गया।
बिहार में अब ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया हैष। मंगलवार को तापमान में गिरावट आई है। लेकिन घना कोहरा नहीं है, लेकिन प्रदूषण से 4 जिलों में एक्यूआई (वायु गुणवत्ता) 400 के पार हो गई है। यहां पर भी विजिबिलिटी कम हो रही है।
पंजाब के अमृतसर, चंडीगढ़, जालंधर समेत कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी घना कोहरा और कम विजीबिल्टी रहने की बात कही है। विभाग ने मंगलवार को जालंधर में रेड अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के कारण आज विजीबिल्टी काफी कम रही।