मणिपुर में महिलाओं के साथ बदसलूकी और नग्न करके घुमाने के वीडियो को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। वीडियो को लेकर देशभर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो 4 मई का बताया जा रहा है।

अब इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने से रोकने के लिए सरकार ने आदेश जारी किया है। रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर भी कार्रवाई कर सकती है। सरकार का मानना है कि जिस तरह से वीडियो को प्रसारित करने की इजाजत दी गई है वह नियमों के खिलाफ है।

आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यह सुनिश्चित करें कि मणिपुर की महिलाओं का यह वीडियो आगे साझा न किया जाए। चूंकि मामले की अभी जांच चल रही है, इसलिए सोशल मीडिया कंपनियों को भारतीय कानून का पालन करना होगा।

बताया जा रहा है कि यह घटना 4 मई की है, जिसका वीडियो पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रहा था। वहीं इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में बेटियों के साथ जो हुआ उसे माफ नहीं किया जा सकता। पीएम ने कहा कि मणिपुर की घटना ने मेरे मन को दुख और गुस्से से भर दिया है। इस घटना से पूरे देश के लोगों को शर्मसार होना पड़ा है। मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।