बॉलीवुड स्टार ऋचा चड्डा का सेना को लेकर किए ट्वीट पर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। अब बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने भी ऋचा चड्डा को उनके ट्वीट पर लताड़ लगाई है। वहीं रिचा के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी की गई है।
अक्षय कुमार ने ऋचा के ट्वीट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि 'यह देखकर दुख हुआ। हमें कोई भी चीज हमारी भारतीय सेना के प्रति एहसान फरामोश नहीं बना सकता। वो है तो आज हम हैं।'
सोशल मीडिया पर भी ऋचा को तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत तक दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि ऋचा चड्ढा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट साझा किया था। जिसमें उन्होंने लिखा ‘गलवान सेज हाय ’ रिचा के इस नवीनतम ट्वीट 'गलवान सेज हाय' को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। ऋचा को भारतीय सेना का 'मजाक' उड़ाने के लिए ट्विटर पर ट्रोल किया जा रहा है।
आपको बता दें, कि अपने ट्वीट में ऋचा ने भारतीय सेना के उत्तरी कमान के कमांडिंग-इन-चीफ कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी थी, कि अगर सरकार ऐसा आदेश जारी करती है तो वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने के लिए तैयार हैं। इस पर ऋचा चड्ढा ने गलवान का ताना मारने के साथ ही भारतीय सेना का मज़ाक उड़ाया था।
ऋचा चड्ढ़ा ने अब इस ट्वीट को डिलीट कर दिया है, और इसे लेकर माफी मांगी है। उन्होंने लिखा है, "भले ही मेरी मंशा कभी भी किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं रही है। अगर किसी विवाद में घसीटे जा रहे 3 शब्दों से किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगती हूं और यह भी कहती हूं कि अगर जाने-अनजाने में भी मेरे शब्दों से यह भावना पैदा हुई है तो मुझे दु:ख है। मेरे अपने नानाजी जिस फौज में एक शानदार हिस्सा रहे हैं, उसमें भाई लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में हैं । उन्हें 1960 के दशक में भारत-चीन युद्ध में पैर में गोली मार दी गई थी। यह मेरे खून में है।
एक पूरा परिवार प्रभावित होता है जब उनका बेटा शहीद हो जाता है या देश को बचाने के लिए घायल हो जाता है जो हम जैसे लोगों से बना है और मैं व्यक्तिगत रूप से जानती हूं कि यह कैसा लगता है। ये मेरे लिए इमोशनल इश्यू है।