सिक्किम में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किलोमीटर दूर गेमा इलाके में एक सेना का वाहन गहरी खाई में जा गिरा। जिससे सेना के 16 जवानों की मौत हो गई। जिसके बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई है। यहां राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। सेना के 4 जवानों को घायल हालत में बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताया है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह सेना के तीन वाहन जवानों को लेकर जा रहे थे। कारवां चटान से थंगू की ओर जा रहा था। गेमा के रास्ते में एक मोड़ पर एक वाहन के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि 4 घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से निकाल लिया गया है। जबकि तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 जवानों की हादसे में मौत हो गई।
भारतीय सेना ने इस त्रासदी पर बयान जारी कर कहा है कि दुख की इस घड़ी में वह शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा- उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।