पतंजलि योग पीठ और मुंबई महिला पतंजलि योग समिति ने शुक्रवार को ठाणे के हाइलैंड इलाके में योग विज्ञान शिविर और महिला सभा का आयोजन किया था। इस शिविर में अमृता फडणवीस भी बाबा के साथ मंच पर मौजूद थीं। उस वक्त बाबा रामदेव महिलाओं से बातचीत कर रहे थे। उस वक्त बाबा रामदेव ने एक विवादित बयान दिया।
महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर बाबा रामदेव विवादों में फंसते नज़र आ रहे हैं, DCW ने कहा है, कि देश से माफी मांगे योग गुरु। महाराष्ट्र में महिलाओं को लेकर बाबा के विवादित बयान का मामला तूल पकड़ती नज़र आ रहा है। योग गुरु रामदेव बाबा ने महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादित बयान दिया है। इसके चलते एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। बाबा रामदेव वैसे भी अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं।
ठाणे में एक योग कार्यक्रम में बोलते समय रामदेव बाबा की ज़ुबान फिसल गई। बाबा रामदेव ने कहा, "महिलाएं साड़ियों में अच्छी लगती हैं, सलवार सूट में अच्छी लगती हैं, मेरी नजर में कुछ न पहनें तो भी अच्छी लगती हैं।" दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह बयान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में दिया। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके इस बयान को लेकर विवाद और गहराएगा।
अब बाबा रामदेव का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी इस बयान की निंदा की है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि स्वामी रामदेव की महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी के खिलाफ की गई टिप्पणी अशोभनीय और निंदनीय है। इस बयान से तमाम महिलाओं को ठेस पहुंची है, बाबा रामदेव को इस बयान पर देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
बाबा ने आगे कहा महिलाएं योग करने के लिए पोशाकें लाई थीं और फिर महिलाओं के लिए एक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसके लिए महिलाएं साड़ियां लेकर आईं। लेकिन सुबह योग विज्ञान शिविर लगा जिसके बाद महिलाओं के लिए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उसके तुरंत बाद, महिलाओं के लिए एक आम सभा शुरू हुई।
इसलिए महिलाओं को साड़ी पहनने का समय ही नहीं मिलता था। इस पर बाबा रामदेव ने बयान दिया और कहा कि साड़ी पहनने का वक्त नहीं है तो भी कोई बात नहीं, अब घर जाकर साड़ी पहन लो। रामदेव ने आगे कहा, "औरतें साड़ी में भी अच्छी लगती हैं, सलवार सूट में भी औरतें अच्छी लगती हैं और मेरी नज़र में वे कुछ भी न पहनकर भी अच्छी लगती हैं।"
वायरल वीडियो में बाबा रामदेव कहते सुनाई दे रहे हैं, बड़े बदनसीब हो तुम। आगे वालों को साड़ी पहनने का मौका मिला, लेकिन पीछे वालों को नहीं। बच्चों को पहले कौन कपड़े पहनाता है? आठ-दस साल ऐसे ही नंगे घूमते रहते थे। अब जाकर ये पांच लेयर बच्चों के कपड़ों की हो गई हैं।