कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली पहुंच गई। शनिवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा ने हरियाणा के फरीदाबाद से दिल्ली में प्रवेश किया। दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी राहुल की यात्रा में शामिल हो गई हैं।
दिल्ली के बदरपुर में प्रवेश के साथ ही हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी को राष्ट्रीय ध्वज हस्तांतरित किया। यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। जहाँ राहुल गांधी एक आमसभा को सम्बोधित करेंगे।
इस आम सभा के बाद यात्रा में 9 दिन के विश्राम पर रहेगी। दिल्ली में राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि कहा कि बीजेपी नफरत फैलाती हैं, हम प्यार फैलाते हैं। हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। भारत जोड़ो यात्रा में कहीं नफरत नहीं है।
गौरतलब है कि कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय कर चुकी है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। अब तक राहुल और उनके सहयोगी करीब तीन हजार किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कुल 150 दिन में भारत जोड़ो यात्रा को 12 राज्यों में 3 हजार 570 किमी की दूरी पैदल तय करना है।