भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आज ( 25 दिसंबर) 99 वीं जयंती है। इस मौके पर पूरा देश अपने लाडले नेता को नमन कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है। उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने 'सदैव अटल' स्मारक पर देश के दिग्गज नेता पहुँच रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 'सदैव अटल' स्मारक पहुँच श्रद्धांजलि अर्पित की। इनके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष् जेपी नड्डा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, अनुराग ठाकुर और अन्य नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए X पर लिखा-
पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जयंती पर देश के सभी परिवारजनों की ओर से मेरा कोटि-कोटि नमन। वे जीवनपर्यंत राष्ट्र निर्माण को गति देने में जुटे रहे। मां भारती के लिए उनका समर्पण और सेवा भाव अमृतकाल में भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 1924 को जन्मे अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी है। विरोधी दल के नेताओं में भी वे बेहद लोकप्रिय और सम्मानीय थे। अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी देश के उन नेताओं में से एक रहे जिन्हें पार्टी के दायरे के बाहर सभी से सम्मान मिला था।
2014 के दिसंबर में अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया. मार्च 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रोटोकॉल तोड़ा और अटल जी को उनके घर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया था।