संसद की सुरक्षा चूक मामले में लोकसभा सचिवालय ने सख्त एक्शन लिया है। लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को 8 सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इन सभी सुरक्षा कर्मियों को लापरवाही बरतने के लिए सस्पेंड किया गया।
संसद में घुसपैठ की घटना पर लोकसभा सचिवालय ने जिन लोगों को सस्पेंड किया गया है, उनके नाम रामपाल, अरविंद, वीर दास, गणेश, अनिल, प्रदीप, विमित और नरेंद्र हैं। संसद में घुसपैठ करने वाले पांच लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। एक आरोपी अभी भी फरार है।
इस मामले में अब तक जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान सागर शर्मा (26), मनोरंजन डी (34), अमोल शिंदे (25) और नीलम आजाद (42) और विशाल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत केस भी दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले ही संसद के बाहर की रेकी कर ली थी। सभी आरोपी एक सोशल मीडिया पेज 'भगत सिंह फैन क्लब' से जुड़े थे। लगभग डेढ़ साल पहले सभी आरोपी मैसूर में मिले थे।