संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर फिर सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। संसद के लोकसभा कक्ष में आज दो संदिग्ध दर्शक दीर्घा से कूद गए। जब ये दोनों कूदे तो सांसदों को धुआं उठता दिखाई दिया जिसके बाद अफरा तफरी मच गई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना लोकसभा की कार्यवाही के दौरान हुई। ये दोनों शख्स दर्शक दीर्घा से कूदे थे। बताया जा रहा है कि जो दो लोग कार्यवाही के दौरान घुसे, उनमें एक का नाम सागर है। दोनों सांसद के नाम पर लोकसभा विजिटर पास पर आए थे।
इसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि संसद हमले की बरसी के दिन यह चूक कैसे हुई? कूदने वाले दोनों शख्स के पासों को मंजूरी को किस सांसद ने दी? कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के मुताबिक़ अचानक दो लोग विजिटर गैलरी से सदन में कूदे। दोनों कनस्तर लिए हुए थे। इन कनस्तरों से गैस निकल रही थी। दोनों में से एक स्पीकर की चेयर के सामने पहुंच गया था।