तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार 17 नवंबर को अपना घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में जारी किया गया। तेलंगाना के लिए अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने कई बड़े-बड़े वादे किए हैं।

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, मुफ्त बिजली, लड़कियों की शादी के लिए सोना और नकदी दिए जाने जैसे वादे किये हैं। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने तेलंगाना को अलग राज्य बनाने में कांग्रेस और सोनिया गांधी की भूमिका का भी जिक्र किया।

खडगे ने कहा, ''तेलंगाना के गठन के बाद कुर्सी पर कौन बैठा, जिसकी कोई भूमिका नहीं थी। कितने लोगों को गोली लगी, कितने लोग मारे गए। जनता को कोई फायदा नहीं हुआ। राज्य गठन का लाभ आम जनता की बजाय खनन और कृषि लूटने वालों को मिला। "क्या इसीलिए तेलंगाना को अलग राज्य बनाया गया?"

खडगे ने कहा कि जैसे हमने कर्नाटक में 5 गारंटी, वहां के लोगों को दी इसी तरह, हमने तेलंगाना के लिए भी 6 गारंटी रखी हैं। भगवान राम के नाम पर वोट मांगने वालों ने कुछ नहीं किया। कांग्रेस महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दे रही है। महिलाएं प्रतिदिन बस में निःशुल्क यात्रा कर मंदिर के दर्शन कर रही हैं।

घोषणा पत्र की कुछ महत्वपूर्ण बातें

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है।
कांग्रेस की सरकार आई तो महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
कांग्रेस ने सत्ता में आने पर तेलंगाना के लोगों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया है।
इंदिराम्मा उपहार योजना के तहत, हिंदुओं को उनकी बेटी की शादी के समय सरकार द्वारा 1,00,000 रुपये और 10 ग्राम सोना दिया जाएगा। वहीं, अल्पसंख्यकों को उनकी बेटी की शादी के समय 160,000 रुपये दिए जाएंगे।
कांग्रेस ने उच्च शिक्षा हासिल करने वाली हर लड़की को मुफ्त स्कूटी देने का भी वादा किया है।