आज गुजरात विधानसभा चुनाव का दूसरा और आखिरी दौर का मतदान चल रहा है, वहीं उप्र में भी एक लोकसभा और दो विस सीटों का कश्मकश पूर्ण चुनाव है। भाजपा ने अब मप्र समेत अन्य चुनावी राज्यों पर फोकस कर लिया है। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने आज सुबह अहमदाबाद में लाइन में लगकर मतदान किया। वे करीब दो सौ मीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे। मोदी ने अहमदाबाद के राणिप स्थित निशान पब्लिक स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे पहले वह गांधीनगर राजभवन से वोट डालने के लिए निकले। मोदी ने वोट डालने से पहले स्कूल जाते समय रास्ते में लोगों का अभिवादन भी किया। दूसरे चरण में कई चर्चित सीट हैं। इनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की घाटलोडिया, पाटीदार नेता हार्दिक पटेल की वीरमगाम सीट, अल्पेश ठाकोर की गांधीनगर दक्षिण, दलित नेता कांग्रेस के जिग्नेश मेवानी की बडगाम विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखराम राठवा की जेतपुर) सीट चर्चा में है। 

गुजरात में कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि दांता विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले किया गया। खरगे ने कहा हमारे विधायक व आदिवासी प्रत्याशी कांतिभाई खराड़ी पर देर रात भाजपा के गुंडों द्वारा जानलेवा हमला किया, मजबूरन उन्हें जान बचाने के लिये जंगलों में छिपना पड़ा। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा है कि 'युवाओं, किसानों, महिलाओं और हर नागरिक को दिया हुआ वचन हम निभाएंगे, गुजरात में परिवर्तन लाएंगे। मैनपुरी लोकसभा, खतौली और रामपुर विधानसभा उपचुनाव के वोटिंग जारी है। वोटिंग शुरू होते ही समाजवादी पार्टी लगातार बीजेपी पर धांधली के आरोप लगा रही है। सुबह से लेकर अब तक सपा के ट्विटर हैंडल पर दर्जन भर ट्वीट किए जा चुके हैं।

दिल्ली लौटकर अगला मिशन शुरू

मोदी गुजरात में वोट डालने के बाद अगले मिशन की तैयारी में लग गये हैं। अहमदाबाद से दिल्ली लौटकर वे भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का उद्घाटन कर रहे हैं इसमें सभी प्रदेश प्रभारी, अध्यक्ष, महासचिव और विभिन्न मोर्चों के प्रमुख शामिल हैं। अगले साल राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा और कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में चुनाव को लेकर तैयारी के मद्देनजर पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को रखा जाएगा।