गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गांधीनगर में अपना घोषणा पत्र जारी करते हुए हिंदुत्व के साथ युवाओं को लुभाने बड़ा ऐलान किया। पार्टी ने राज्य में अगले 5 साल में 20 लाख नौकरियों के साथ ही छात्राओं को मुफ्त में इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा किया है।

राज्य में हिंदुत्व की लहर पर सवार भाजपा ने घोषणापत्र में भी यूनिफॉर्म सिविस कोड पर सिफारिश लागू करने के अलावा देवभूमि द्वारका कॉरिडोर के निर्माण की बात कही है। साथ ही आम आदमी पार्टी के दिल्ली मॉडल को जवाब देने 20,000 सरकारी स्कूलों को उत्कृष्ट बनाने की घोषणा भी की गई। 

भाजपा ने युवाओं के अलावा किसानों के लिए भी बड़े ऐलान किये। सिंचाई के लिए 25 हजार करोड़ के प्रावधान के साथ ही कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर कोष के तहत 10 हजार करोड़ रुपए की घोषणा की गई।

गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के मुताबिक घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गुजरात के एक करोड़ से ज्यादा लोगों से राय ली गई है। कांग्रेस भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाएं, किसान, युवा, सुरक्षित गुजरात, सामजिक न्याय और कोरोना पीड़ितों पर फोकस किया है। गृहणियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 300 यूनिट फ्री बिजली के साथ सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने का वादा किया गया है। 

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में घोषणा पत्र जारी किये जाते समय गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और बीजेपी के शासन में गुजरात का निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ही राज्य का समग्र विकास कर सकती है, बीजेपी ने हमेशा ही सभी वर्गों का हित और विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के काम किया है।