देश की 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों के नतीजे मिले जुले रहे। इन सात सीटों में भाजपा को तीन सीटों पर जीत मिली वहीं चार पर उसे हार का सामना  करना पड़ा। भाजपा को सबसे बड़ा झटका उत्तर प्रदेश की घोसी सीट पर लगा जहाँ समाजवादी पार्टी ने निर्णायक बढ़त बना जीत की ओर कदम बढ़ा लिए हैं।

भाजपा को त्रिपुरा की दो और उत्तराखंड की एक सीट पर जीत हासिल हुई। केरल की पुथुप्पली सीट कांग्रेस के खाते में गई। वहीं पश्चिम बंगाल की सीट भी भाजपा नहीं बचा सकी और इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

झारखंड में I.N.D.I.A अलायंस की ओर से JMM ने जीत दर्ज की है। यहाँ झामुमो उम्मीदवार बेबी देवी ने आजसू पार्टी की उम्मीदवार यशोदा देवी को 17,000 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की।

घोसी में समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह 30 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। 24 वें राउंड की काउंटिंग तक सुधाकर सिंह को 93 हजार 196 वोट मिले हैं। यहाँ कुल 34 राउंड काउंटिंग होगी।

7 विधानसभा सीटों में से 5 सीट- घोसी (यूपी), बागेश्वर (उत्तराखंड), डुमरी (झारखंड), बॉक्सानगर और धनपुर (त्रिपुरा) पर I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियों ने एक साथ चुनाव लड़ा था। धुपगुड़ी (बंगाल) और पुथुपल्ली (केरल) सीट पर विपक्षी पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थीं।