1971 में पाकिस्तान से युद्ध में असाधारण पराक्रम, अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाले भैरों सिंह राठौड़ का सोमवार को जोधपुर में निधन हो गया है। भैरों सिंह 1971 युद्ध के हीरो हैं और उस समय लोंगेवाला पर तैनात थे। फिल्म 'बॉर्डर' में भैरों सिंह राठौड़ का किरदार सुनील शेट्टी ने निभाया था। भैरों सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गजों ने श्रद्धांजलि दी है।
भैरों सिंह के बेटे के मुताबिक़ 14 दिसंबर को उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के अंग पैरालिसिस से प्रभावित हो गए थे। भैरों सिंह का परिवार जोधपुर से करीब 120 किलोमीटर दूर सोलंकियातला गांव में रहता है।
भैरों सिंह 1987 में BSF से रिटायर्ड हुए थे। पकिस्तान से 1971 के युद्ध में वे लोंगेवाला पोस्ट पर तैनात थे। इस युद्ध में उन्होंने असाधारण पराक्रम दिखाया था। भैरो सिंह को सेना मेडल से सम्मानित किया गया था।
बीएसएफ ने भैरों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा- बीएसएफ उनकी, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को सलाम करता है। प्रहरी परिवार इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ खड़ा है।"
फिल्म 'बॉर्डर' में भैरों सिंह राठौड़ का किरदार सुनील शेट्टी ने निभाई है। सुनील शेट्टी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "रेस्ट इन पावर नाइक भैरों सिंह जी। परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं।"