तृणमूल कांग्रेस सांसद द्वारा राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल किए जाने के मामले में सियासत गरमा गई है। सभापति धनखड़ ने इस घटना की निंदा की है। वहीं धनखड़ की मिमिक्री मामले में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
यह पूरा मामला कल उस समय सामने आया था, जब कुल 141 विपक्षी सांसदों और राज्यसभा सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था। विरोध जताने के लिए जब सभी विपक्षी सांसद संसद भवन के बाहर जमा हुए, तो कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारी। उस समय सभी सांसद ठहाके लगाकर हंसते नजर आए। मिमिक्री मामले में निशाने पर राहुल गांधी भी निशाने पर हैं, क्योंकि वे बनर्जी का वीडियो बना रहे थे।
वहीं आज उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह की हरकतें उन्हें अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने से नहीं रोक सकती। जबकि आज टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने उपराष्ट्रपति धनखड़ की नकल उतारने पर सफाई दी व कहा कि मेरे मन में उपराष्ट्रपति के लिए काफी सम्मान है, मिमिक्री करना तो एक कला है। पीएम ने भी मिमिक्री की थी। मेरा इरादा दुख पहुंचाने का नहीं था। हालांकि माफी मांगने के सवाल पर उन्होंने 'नो' कहा है।
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने इसे संविधान पद का अपमान बताया व कहा कि पहली बार जाट समाज के किसान पुत्र को यह बड़ा संवैधानिक पद मिला है। विपक्ष ने पहले प्रधानमंत्री का अपमान किया। अब उपराष्ट्रपति का अपमान हुआ। जोशी ने कहा, मैं इस घटना की घोर निंदा करता हूं। अब इनके सम्मान और इनके खिलाफ हम लोग खड़े होकर संसदीय कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।