तीन महीने बाद लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने लंबी कवायद के बाद अपनी चुनावी रणनीति लगभग तय कर ली है। केंद्रीय नेतृत्व ने राज्यों के साथ तालमेल को लेकर कई मुद्दों पर तस्वीर साफ की है। खबरों के मुताबिक पार्टी के भीतर इस बात पर स्पष्टता आ गई है कि वह आगामी आम चुनाव में लगभ 280 से लेकर 290 सीटों पर अकेली चुनाव लड़ेगी। जबकि 100 सीटों पर वह इंडिया के घटक दलों के साथ तालमेल करेगी। हालांकि कल वह इन मामलों पर बात के लिये सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों से भी चर्चा करने वाली है।

बताया जाता है कि कांग्रेस के भीतर सहमति बनी कि 10 राज्यों में कांग्रेस अकेली चुनाव लड़ेगी। नौ राज्यों में वह क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल बनाकर उतरेगी। अकेले जाने वाले राज्यों में नॉर्थ ईस्ट और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, वेस्ट बंगाल, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कांग्रेस सीट बंटवारे के साथ चुनाव लड़ेगी। 

केंद्रीय नेतृत्व ने इन प्रदेश के नेताओं से साफ कहा है कि इंडिया ब्लॉक में सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला लोकसभा की तस्वीर को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पार्टी ने तय किया है कि पिछले आम चुनावों में कांग्रेस जिन सीटों पर नंबर दो पर थी, वहां किसी भी तरह का तालमेल नहीं होगा। कांग्रेस 14 जनवरी से राहुल गांधी की अगुआई में होने वाली भारत न्याय यात्रा के शुरू होने से पहले सीट बंटवारे का काम पूरा कर लेना चाहती है।