कांग्रेस ने अपनी आर्थिक हालात को सुधारने के लिए सोमवार को 'डोनेट फाॅर देश' नाम से क्राउड फंडिंग केंपेन शुरू किया था। अब तक इस केंपेन से पार्टी के पास करीब 1.45 करोड़ की राशि जमा हुई है। सबसे अधिक राशि महाराष्ट्र से आई है।
कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने मंगलवार सुबह अभियान का अपडेट दिया है। माकन के मुताबिक सुबह नौ बजे तक करीब इस अभियान से 1.45 करोड़ रूपए जुटाए जा चुके हैं। माकन ने अभियान में सबसे ज्यादा भागीदारी करने वाले राज्यों के नाम भी बताए हैं।
माकन ने साथ ही दानदाताओं का आभार जताते हुए लिखा कि आपका योगदान वंचितों की आवाज़ को सशक्त बनाता है और समावेशी भारत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। हम उम्मीद करते हैं की करोड़ों देशवासी बढ़चढ़ कर इस मुहिम में हिस्सा लेंगे।
इस अभियान में अब तक सबसे ज्यादा फंड महाराष्ट्र से आया है। महाराष्ट्र के कांग्रेस कार्यकर्ता अब तक 30 लाख से ज्यादा का दान दे चुके हैं। दूसरे नंबर पर राजस्थान है जहां से अब तक करीब 12 लाख रुपये जमा किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है।
कांग्रेस के 138 वर्ष पूरे होने पर डोनेट फॉर देश नाम का अभियान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को प्रारंभ किया था। इसके तहत हर कांग्रेस पदाधिकारी को पार्टी को 138 के मल्टीपल के रूप में फंडिंग करनी होगी। कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए राशि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में डालने का अनुरोध किया है, ताकि कांग्रेस एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके।