डोनेट फॉर देश, इसी नाम से कांग्रेस 18 दिसंबर से एक क्राउड फंडिंग मुहिम की शुरुआत करने जा रही है। इस मुहिम के तहत हर कांग्रेस पदाधिकारी को पार्टी को 138 के के मल्टीपल के रूप में ही रुपए की फंडिंग करनी होगी। पार्टी की इस मुहिम की शुरुआत 18 दिसंबर को दिल्ली से होगी। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी फंड बढ़ाने के लिए इसे कांग्रेस की तैयारी के तौर पर माना जा रहा है।  कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इस मुहिम से जुड़ी सभी डिटेल्स साझा की हैं।

अजय माकन ने बताया कि हम Donate for Desh के नाम से एक क्राउड फंडिंग कैंपेन शुरू करने जा रहे हैं, जिसे 18 दिसंबर, 2023 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लॉन्च करेंगे। कांग्रेस के 138 वर्ष पूरे होने पर हम देशवासियों से यह अनुरोध करते हैं कि 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए जैसी राशि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में डालें, ताकि कांग्रेस एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके।

माकन के मुताबिक़ देशवासी वेबसाइट http://donateinc.in. या http://inc.in.  के जरिए पैसे डोनेट कर सकते हैं। इसके साथ ही क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, UPI, RTGS, NEFT या QR कोड स्कैन करके भी डोनेट कर सकते हैं। डोनेट करने वाला व्यक्ति भारत का नागरिक होना चाहिए और उसकी आयु 18 वर्ष से ज्यादा होनी चाहिए।

आपको बता दें, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर क्राउड फंडिंग अभियान शुरू करने की बात कही थी। वेणुगोपाल ने कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को अपने ऑनलाइन क्राउडफंडिंग अभियान, 'डोनेट फॉर देश' के लॉन्च की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है।

यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष से प्रेरित है और इसका उद्देश्य बेहतर भारत के निर्माण के लिए हमारी पार्टी को सशक्त बनाना है। पार्टी अध्यक्ष 18 दिसंबर को दिल्ली में आधिकारिक तौर पर अभियान की शुरुआत करेंगे।

वेणुगोपाल ने आगे कहा- हम अपने प्रत्येक राज्य-स्तरीय पदाधिकारी, हमारे निर्वाचित प्रतिनिधियों, डीसीसी अध्यक्षों, पीसीसी अध्यक्षों और एआईसीसी पदाधिकारियों को कम से कम 1,380 रुपये का योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।