कांग्रेस डोनेट फॉर देश नाम से क्राउड फंडिंग की मुहिम शुरु करने जा रही है। मुहिम की शुरुआत 18 दिसंबर को दिल्ली से की जानी है। अब सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे लेकर सवाल उठाने शुरु कर दिए हैं।
पत्रकार पंकज मुकाती (@mukatipankaj) का कहना है कि कांग्रेस को ये लग रहा है कि वो सिर्फ पैसों की कमी के चलते भाजपा से हार रही यही। पार्टी #crowd funding का विचार ले कर आई है। धन तो कांग्रेस जुटा लेगी पर विज़न कहाँ से लाओगे? सवाल अब भी वही है ?आप क्या सोचते हैं कांग्रेस को और क्या करना चाहिए?
वहीं पत्रकार शकील अख्तर (@shakeelNBT) ने लिखा बीमारी गंभीर है। मेजर आपरेशन की जरूरत है। मगर इलाज दर्द की गोलियों से हो रहा है। पैसा कांग्रेस की मूल समस्या नहीं है। बहुत सारी समस्याओं में से एक हो सकती है। असली समस्या है संगठन का न होना। बड़े नेताओं का स्वार्थी होना। राहुल का अकेले लड़ना और कार्यकर्ताओं में फैली निराशा।
इस मुहिम के तहत हर कांग्रेस पदाधिकारी को पार्टी को 138 के के मल्टीपल के रूप में रुपए की फंडिंग करनी होगी। पार्टी की इस मुहिम की शुरुआत 18 दिसंबर को दिल्ली से होगी। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी फंड बढ़ाने के लिए इसे कांग्रेस की तैयारी के तौर पर माना जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इस मुहिम से जुड़ी सभी डिटेल्स साझा की हैं।
अजय माकन ने बताया कि हम Donate for Desh के नाम से एक क्राउड फंडिंग कैंपेन शुरू करने जा रहे हैं, जिसे 18 दिसंबर, 2023 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लॉन्च करेंगे। कांग्रेस के 138 वर्ष पूरे होने पर हम देशवासियों से यह अनुरोध करते हैं कि 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए जैसी राशि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में डालें, ताकि कांग्रेस एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके।