अयोध्या में रामलला के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी पड़ी है। लाखों की संख्या में लोग रामनगरी पहुंच रहे हैं। जिसके चलते राम मंदिर प्रबंधन को इन्हें संभालने में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल अयोध्या आने से बचें। इस बीच, बाराबंकी-अयोध्या हाईवे पर वाहनों को रोका जा रहा है। रूट डायवर्ट कर दिया गया है। जिसके चलते हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनती दिख रही है।

सीओ सिटी, एडीएम, एसडीएम समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। NH-28 लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीड़ कम करने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या जाने वाले लोगों को अभी भी रोका जा रहा है और उन्हें दूसरे रास्ते से भेजा जा रहा है। बिहार के गोरखपुर जाने वाले लोगों को रामनगर, गोंडा के रास्ते भेजा जा रहा है।

चौपला चौक पर मौजूद सीओ सिटी बीनू सिंह ने बताया कि अयोध्या में पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ चुके हैं, इसलिए व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है। चालकों से पूछताछ की जा रही है। अयोध्या जाने वाले लोगों को रोका जा रहा है। बाकी को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है। यातायात अब धीरे-धीरे  सामान्य हो रहा है।

इस दौरान कई वाहन चालक सीओ सिटी से वाहन को अयोध्या रूट पर ले जाने की अपील भी करते दिखे। जिन्हें वह समझाती नजर आईं। ऐसे में कुछ लोगों के साथ सख्ती भी बरतनी पड़ी। हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं। हालांकि, कुछ घंटों के बाद यातायात धीरे-धीरे पटरी पर लौटता दिख रहा है।

आपको बता दें कि अयोध्या से बाराबंकी की दूरी करीब 100 किमी की दूरी पर है। पुलिस जनता से आगे न बढ़ने की अपील कर रही है। वहीं अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी वाहनों के रूट बदल दिए गए हैं।

यूपी सरकार के मुताबिक, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दूसरे दिन मंगलवार (23 जनवरी) को ढाई से तीन लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इतनी ही संख्या में श्रद्धालु मंदिर के बाहर दर्शन के लिए खड़े हैं। मंदिर प्रशासन का कहना है, कि सभी व्यवस्थाएं नियंत्रण में हैं। इसके लिए 8 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मंदिर के अंदर गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

बता दें कि अयोध्या में राम भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद और डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार खुद गर्भगृह पहुंचे. उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। रामलला के सुगम दर्शन के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी इंतजाम किये जा रहे हैं।