पठान के गाने 'बेशरम रंग' में दीपिका पादुकोण भगवा बिकिनी पहनी है। विरोधियों का कहना है कि भगवा रंग हिंदू धर्म का प्रतीक है और दीपिका इस रंग को पहनकर बेशरम के गाने पर डांस कर रही हैं जो पूरी तरह से आपत्तिजनक है। बिकनी के लिए केसरिया जैसे पवित्र रंग का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
बिहार के मुजफ्फरपुर में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण समेत पांच लोगों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अश्लीलता फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। अदालत में फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा, अभिनेता शाहरुख खान, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के नाम केस दर्ज किए जाने वालों में शामिल हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ में शिवसैनिकों ने फिल्म से बेशरम रंग गाने को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो फिल्म को छत्तीसगढ़ में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ शिवसेना के प्रदेश महासचिव ने फिल्म निर्माताओं, सिनेमा हॉल प्रबंधकों और मल्टीप्लेक्स प्रबंधन को पत्र लिखकर इसकी मांग की है।
यूपी के मथुरा में हिंदू महासभा भी फिल्म का विरोध कर रही है, उनका कहना है कि वह फ़िल्म के खिलाफ कोर्ट जाएगी। कहा जा रहा है, कि फिल्म में भगवा वस्त्र पहनकर सनातन धर्म को कमजोर दिखाने की साजिश की जा रही है। महासभा का कहना है कि वह फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर कोर्ट जाएगी।
इस फिल्म को लेकर मध्य प्रदेश में भी विरोध देखने को मिल रहा है। हाल ही में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अगर गीत और वेशभूषा में बदलाव नहीं किया जाता है, तो वह इस फिल्म को मध्य प्रदेश में रिलीज करने या न करने पर विचार करेंगे।
राजस्थान के अलवर में फिल्म पठान का हिंदू संगठनों ने अगले दिन भी विरोध जारी रखा। उनके हाथ में एक पोस्टर था जिस पर लिखा था- बॉयकॉट फिल्म पठान- बॉयकॉट करो। भगवान का अपमान सहा नहीं जाएगा- सहा नहीं जाएगा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कोई पठान फिल्म दिखाएगा तो परिणाम उचित नहीं होगा।
गुजरात में भी पठान को बैन करने की मांग की जा रही है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कहा है कि राज्य में फिल्म रिलीज होने पर किसी भी अप्रिय घटना के लिए थिएटर मालिकों खुद जिम्मेदार होंगे। उनका कहना है कि भगवा रंग में अश्लीलता मिलाकर फिल्म के गाने का नाम 'बेशरम रंग' रखा गया है। यह गाना बॉलीवुड की विकृत हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। हम इन दृश्यों वाली फिल्म को गुजरात में रिलीज नहीं होने देंगे।
महाराष्ट्र के बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा है कि अगर कोई फिल्म हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाती है तो उसे किसी भी कीमत पर बैन किया जाएगा। उनका कहना है कि इस समय महाराष्ट्र में हिंदुत्व की सरकार है और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कोई भी फिल्म महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होने दी जाएगी।
पठान विवाद पर शाहरुख खान ने भी चुप्पी तोड़ी है। फिल्म के विवाद के बीच उन्होंने अपना पहला सार्वजनिक बयान दिया। शाहरुख ने गुरुवार को कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इशारा किया, 'दुनिया जो चाहे कर ले आप और मैं जितने पॉजीटिव हैं... सब जीवित हैं। शाहरुख का इशारा सोशल मीडिया पर फिल्म को ट्रोल करने वालों की तरफ था।