पं. बंगाल ममता बनर्जी सरकार के मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक के घर पर ED की छापेमारी हुई है। ईडी के अधिकारी गुरुवार सुबह बंगाल के वन मंत्री के आवास में दाखिल हुए। यह छापेमारी कथित राशन घोटाले से जुड़ी है जिसकी जांच ईडी कर रही है। ज्योतिप्रिय मलिक वन मंत्री बनने से पहले खाद्य मंत्री का कार्यभार संभाल रहे थे।
पहले भी पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के मंत्रियों पर छापेमारी होती रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने इस कथित घोटाले में चावल मिल मालिक बकीबुर रहमान को गिरफ्तार किया था। 2004 में एक चावल मिल मालिक के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले रहमान ने अगले दो वर्षों में तीन और कंपनियां खड़ी कर लीं।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, जिस समय बकीबुर रहमान कथित तौर पर घोटाले में शामिल थे, उस समय ज्योतिप्रिय मलिक खाद्य मंत्री थे। नौकरी घोटाले में ईडी मौजूदा खाद्य मंत्री रथिन घोष से पूछताछ कर चुकी है। ईडी के अधिकारियों ने केंद्रीय बलों की एक टीम के सहयोग से कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में स्थित राज्य के वन मंत्री मलिक के दो फ्लैट पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि मलिक के पूर्व निजी सहायक के मकानों सहित 8 अन्य फ्लैट पर भी छापा मारा गया। अधिकारी ने कहा, छापेमारी के दौरान मंत्री वहां नहीं थे। वह बाद में आए और उनका फोन ले लिया गया है। मत्री के पूर्व निजी सहायक के दमदम स्थित आवास और कुछ अन्य स्थानों पर भी तलाशी की जा रही है।