दक्षिण भारतीय अभिनेता प्रकाश राज को ED ने समन जारी किया है। ईडी ने 100 करोड़ रुपए की एक पोंजी स्कीम के मामले में ये समन भेजा है। इस मामले में ईडी ने तिरुचिरापल्ली के प्रणव ज्वेलर्स के यहां छापा मारा था। प्रकाश राज इसी प्रणव ज्वेलर्स के ब्रांड एंबेसडर हैं।
ED ने त्रिची स्थित एक ज्वैलर्स ग्रुप के खिलाफ पोंजी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रकाश राज को अगले सप्ताह चेन्नई में ED कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। PMLA के तहत प्रणव ज्वैलर्स के यहाँ छापेमारी में एजेंसी को कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध लेनदेन की जानकारी है।
रेड में ED ने 23.70 लाख रुपए नकद एवं लेनदेन और 11.60 किलोग्राम सोने के गहने भी जब्त किए हैं। त्रिची की आर्थिक अपराध शाखा ने प्रणव ज्वेलर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके आधार पर ED ने PMLA के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
इस FIR में आरोप है कि प्रणव ज्वेलर्स ने मोटा रिटर्न देने का वादा करके जनता से एक पोंजी स्कीम (गोल्ड स्कीम) में निवेश करवाया। हालाँकि, बाद में प्रणव ज्वेलर्स अपने वादे से मुकर गया और तमिलनाडु में तमाम शोरूम रातोंरात बंद कर दिए।