प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को नोटिस जारी किया है। प्रवर्तन निदेशालय की लखनऊ शाखा ने एक्टर शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को नोटिस भेज कर जवाब मांगा है। ED ने नोटिस में पूछा है, कि तुलसियानी ग्रुप के द्वारा उनके बैंक अकाउंट में कितना पेमेंट किया गया और तुलसियानी ग्रुप के पेमेंट और ग्रुप की ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने को लेकर क्या शर्तें रखी गई थीं।
आपको बता दें, कि गौरी ख़ान लखनऊ स्थित रियल एस्टेट कंपनी तुलसियानी ग्रुप की ब्रांड एंबेसडर हैं। कंपनी पर निवेशकों और बैंकों से करीब 30 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। इस कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई अन्य मामले दर्ज हैं। गौरी के खिलाफ इसी साल फरवरी में आईपीसी की धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब ऐसा लग रहा है कि इस मामले में गौरी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
कहा जा रहा है, कि ED के नोटिस जारी करने के बाद अब जल्द ही उनसे इस मामले में पूछताछ की जाएगी। ईडी गौरी को समन भी जारी कर सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि ईडी जल्द ही इस मामले में गौरी को तलब कर सकती है। हालांकि, गौरी ने अभी तक ईडी के नोटिस का जवाब नहीं दिया है।