तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है। इसी बीच पुलिस ने एक कार से पांच करोड़ रुपये कैश बरामद किया है। अब तक मध्यप्रदेश समेत पांच चुनावी राज्यों में 1,760 करोड़ रुपए से अधिक की मादक पदार्थ, नगदी, शराब और कीमती सामान जब्त की जा चुकी है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से अब तक की गई जब्ती इन राज्यों में 2018 में पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान की गई जब्ती से सात गुना अधिक है। बड़ी बात यह है कि चुनाव आयोग के अनुसार, मिजोरम में कोई नकदी या कीमती चीजें जब्त नहीं की गई, लेकिन यहाँ 29.82 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किये गए हैं। अभी तेलंगाना में चुनाव प्रचार जारी है ऐसे में आयोग का मानना है कि जब्ती का यह आकड़ा बढ़ सकता है।
यह दावा कि यह जब्त की गई सभी चीजें मतदाताओं को लुभाने के लिए थीं जबकि पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते समय मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सभी उम्मीदवारों और दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के मद्देनजर प्रलोभन मुक्त चुनाव पर जोर दिया था।
चुनाव आयोग ने चुनावी खर्च पर निगाह रखने के लिए विभिन्न सेवाओं के 228 अधिकारियों को व्यय पर्यवेक्षकों के रूप में तैनात किया है। कड़ी निगरानी के लिए 194 विधानसभा क्षेत्रों को ‘व्यय संवेदनशील’ सीटों के रूप में भी चिह्नित किया गया था।