उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी समेत देश के कई राज्य सुबह घने कोहरे की चपेट में हैं। खासकर राजधानी दिल्ली में हालात सबसे खराब हैं। यहां प्रदूषण और कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई है, जिसका सबसे ज्यादा असर उड़ान सेवाओं पर पड़ा है।

कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 50 उड़ानें प्रभावित हुईं। कई उड़ानें देरी से चल रही हैं। यही स्थिति रेल और सड़क परिवहन की भी है। लो विजीविलिटी के कारण सड़कों पर वाहन बहुत धीमी गति से चल रहे हैं, वहीं कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।

कोहरे के कारण सामने से कुछ दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गयी है। इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। वाहन चालकों को बहुत धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है।

कोहरे के कारण भारतीय रेलवे के उत्तरी क्षेत्र में अब तक 14 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेलवे का कहना है कि कोहरा बढ़ने से कई ट्रेनें प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें लेट हो सकती हैं।

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज सुबह अमृतसर एयरपोर्ट पर 50 मीटर की विजिबिलिटी दर्ज की गई। लखनऊ और पालम हवाई अड्डों पर वर्तमान दृश्यता क्रमशः 800 और 1000 मीटर है और अगले 6 घंटों के दौरान घटकर 500 मीटर और उससे नीचे होने की संभावना है। जिसके चलते इस एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं भी बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं।