जी 20 सम्मेलन को लेकर भारत की तैयारी पूरी हो चुकी है। दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी 20 देशों की बैठक होनी है। बैठक में शामिल होने के लिए 7 सितंबर से मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। दिल्ली के प्रगति मैदान में नवनिर्मित भारत मंडपम में जी 20 की बैठक होनी है। पूरे प्रगति मैदान को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। जी 20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडेन कोरोना संक्रमित हो गई थी, जिसके बाद जो बाइडेन के भारत दौरे को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी, हालांकि अब साफ हो गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति दिल्ली आ रहे हैं। 

जो बाइडेन 7 सितंबर को 4 दिन के अपने दौरे पर भारत आने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे की व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है। बाइडेन कल शाम तक भारत पहुंच सकते हैं। इधर, चीन ने आधिकारिक तौर पर बता दिया है कि उसके राष्ट्रपति शी जिनपिंग समिट में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह प्रधानमंत्री ली कियांग चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। हालांकि भारत की ओर से भी कहा गया है कि चीनी राष्ट्रपति के न आने से कोई फर्क नहीं पड़ता। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दो टूक कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के जी-20 सम्मेलन में से कोई फर्क नहीं पड़ता है।

8 को पीएम मोदी के साथ बैठक
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने पुष्टि की कि बाइडेन जी 20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा करेंगे। सुलिवन ने कहा, गुरुवार को राष्ट्रपति भारत में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली जाएंगे। शुक्रवार को बाइडेन पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। शनिवार को बाइडेन जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।