राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बुधवार को राजस्थान में 10वां दिन है। बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हुई। भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार को आरबीआई के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन भी शामिल हुए।
यात्रा में राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच लंबी बातचीत हुई। यूपीए सरकार में रघुराम राजन को आरबीआई का गर्वनर बनाया गया था। रघुराम राजन आर्थिक मुद्दों पर बेबाक अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं।
रघुराम राजन के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद के भारतीय अर्थव्यवस्था पर आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के विचारों को क्या अलग दृष्टि से देखा जाएगा?
दौसा में भारत जोड़ो यात्रा पांच दिन रहेगी। 16 दिसंबर को यात्रा का 100 दिन पूरा हो जाएगा। राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही है। यात्रा में पायलट समर्थकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 16 दिसंबर को यात्रा के 100 दिन पूरा होने पर राहुल गांधी जयपुर जाएंगे। वहां राहुल और सभी यात्री सुनिधि चौहान के म्यूजिक इवेंट में शामिल होंगे।