गुजरात में 24 घंटों के दौरान गरबा खेलते हुए कम से कम 10 लोगों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। अचानक  सामने आ रहे इन मामलों के बाद गरबा सेलिब्रेशन को लेकर राज्य सरकार ने भी अलर्ट जारी किया है। साथ ही गरबा पंडालों के नजदीक के CHC सेंटरों को भी एलर्ट रहने को कहा गया है।

वहीं गरबा आयोजकों को पंडालों में एंबुलेस के प्रवेश के लिए कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया गया है। गरबा खेलते जिन लोगों की मौत हुई उनमें  13 का बच्चा और 17 साल के युवक के अलावा 55 साल का एक व्यक्ति भी शामिल है। इस बीच 24 घंटे के भीतर 500 से अधिक एम्बुलेंस कॉल की गईं।  

सवाल यह है कि आखिर गरबा खेलते हुए हार्ट अटैक से मौत कैसे हो सकती है। इसके पीछे की बड़ी वजह क्या है? खासकर कोरोना महामारी के बाद हार्ट अटैक की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक़ जब भी आप डांस या एक्सरसाइज इस तरह की कोई एक्टिविटी करते हैं तो उस समय हमारे हार्ट को ज्‍यादा काम करना पड़ता है। ऐसे में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। ऐसे में हार्ट रेट बढ़ जाता है और जो शरीर को ऑक्सीजन चाहिए होती है, उसको हार्ट से मैच करना होता है। ऐसे में अगर हमारी हार्ट आर्टरी में कोई समस्या होती है तो वह हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है।