हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। कांग्रेस ने नई सरकार के गठन को लेकर नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को शिमला में बुलाई है। वहीं फाइनल नाम राजस्थान में तय होने की उम्मीद है।
शिमला में आज होने वाली बैठक में हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल होंगे। इस बैठक में नई सरकार के गठन से लेकर राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भी चर्चा की जाएगी। हालाँकि नाम पर अंतिम मुहर पार्टी आलाकमान ही लगाएगा।
दूसरी ओर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज राजस्थान में हैं। हिमाचल की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली प्रियंका गांधी भी राजस्थान पहुँच रही हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी राजस्थान में है। ऐसे में उम्मीद है कि हिमाचल के सीएम का नाम भी राजस्थान से ही तय होगा।
हिमाचल के अगले मुख्यमंत्री की दौड़ में अभी हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री, ठाकुर कौन सिंह और आशा कुमारी के नाम की चर्चा है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 35 सीटों का आकंड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस ने राज्य की 68 से 40 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, बीजेपी 25 सीटों पर सिमट गई। 3 सीटों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज की है।