ICC World Cup Final: क्रिकेट का महाकुंभ कहे जाने वाले वर्ल्ड कप-2023 का फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. जिसमें रेलवे ने भी स्पेशल ट्रेन चलाकर क्रिकेट प्रेमियों को खुशखबरी दी है.
कल से अहमदाबाद और मुंबई के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की गई. इसके अलावा रेलवे ने दिल्ली से अहमदाबाद के लिए भी विशेष ट्रेन चलाने का नोटिफिकेशन जारी किया है.
दिल्ली से अहमदाबाद चलेगी विशेष ट्रेन-
शनिवार यानी आज शाम को दिल्ली टू अहमदाबाद के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलनी शुरू होगी. मैच खत्म होने के बाद अहमदाबाद से दिल्ली वापसी के लिए भी देर रात 2.30 बजे ट्रेन चलाई जाएगी. इसी तरह रेलवे की ओर से मुंबई से अहमदाबाद के लिए भी तीन स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं.
मुंबई से अहमदाबाद के लिए भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें-
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अहमदाबाद स्पेशल एक्सप्रेस (01153) आज 18 नवंबर (शनिवार) को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से रात 10.30 बजे अहमदाबाद, गुजरात के लिए रवाना होगी और रविवार को सुबह 6.40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.
वापसी के लिए अहमदाबाद-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्पेशल एक्सप्रेस (01154) 19-20 नवंबर (सोमवार) को रात 01.44 बजे मुंबई के लिए प्रस्थान करेगी, जो सुबह 10.35 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी.
सेंट्रल रेलवे एक और स्पेशल ट्रेन चलाएगा. जो बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन (09011) 18 नवंबर को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अहमदाबाद पहुंचेगी. ट्रेन रात 11.45 बजे रवाना होगी और रविवार सुबह 07.20 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.