भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की हाजिर जवाबी ने अब पाकिस्तान के नेताओ व पत्रकारों को चित कर दिया है। उन्होंने यूनाइटेड नेशंस में पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद पर करारा बयान दिया व कहा कि सांप पालने वाले देश ये न सोचें कि सांप केवल दूसरों को डसेगा। वो पालने वालों को भी इस सकता है।
दरअसल पाकिस्तानी मंत्री हिना रब्बानी भारत को आतंकवाद फैलाने वाला देश कहा था। इस पर जयशंकर ने हिना को हिलेरी क्लिंटन की 11 साल पुरानी बात याद दिलाई। जब हिलेरी ने कहा था अगर अपने पीछे सांप पालोगे तो यह उम्मीद मत करना कि वो सिर्फ आपके पडोसियों को काटेंगे, वह आपको और आपके लोगों को भी काटेंगे।
इसके बाद जयशंकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर दहला जड़ दिया। पत्रकार ने जयशंकर से दक्षिण एशिया में आतंकवाद को पूछा कि 'दक्षिण एशिया को कब तक यह आतंकवाद झेलना पडेगा जो नई दिल्ली, काबुल और पाकिस्तान से फैल रहा है?' खास बात यह रही कि इस प्रश्न से पाकिस्तानी पत्रकार ने आतंकवाद फैलाने वालों की लिस्ट में न केवल नई दिल्ली को शामिल कर दिया बल्कि इसे सबसे ऊपर रखा था।
वह कश्मीर पर भी सवाल करना चाह रहा था, लेकिन जयशंकर ने उसके एजेंडे को समझ लिया व कहा 'आपको पता होना चाहिए कि आप गलत मंत्री से पूछ रहे हैं कि आखिर यह कब तक चलेगा। आपको तो पाकिस्तान के मंत्री से यह पूछना चाहिए क्योंकि वही बता सकते हैं कि पाकिस्तान कब तक आतंकवाद का सहारा लेता रहेगा। आखिरकार दुनिया मूर्ख नहीं है और न कुछ भूलती है। दुनिया आंतकवाद में संलिप्त देशों, संगठनों और लोगों की पहचान अच्छे से कर लेती है। आशा करता हूं कि आपके चैनल के जरिए यह संदेश वहां (पाकिस्तान को ) पहुंच जाएगा।