इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी और मशहूर लेखिका सुधा मूर्ति को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। आपको बता दें कि सुधा मूर्ति इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष भी हैं।
दरअसल, वह सुधा मूर्ति ही थीं, जिन्होंने 1981 में इंफोसिस की लॉन्चिंग के दौरान अपने पति एनआर नारायण मूर्ति को 10,000 रुपये का लोन दिया था। सुधा ने टीवी शो में बताया कि उस वक्त वह किराए के घर में रहती थीं और उनके पास पैसों की कमी थी।
पीएम मोदी ने अपने X हैंडल पर शेयर किया, ‘मुझे खुशी है कि भारत के राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति जी को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में सुधाजी का योगदान अद्वितीय और प्रेरणादायक रहा है।’
राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी 'महिला शक्ति' का एक शक्तिशाली प्रमाण है, जो हमारे देश की नियति को आकार देने में महिलाओं की शक्ति और क्षमता का उदाहरण है। मैं उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूं।