हर बार की तरह इस चुनावी रेस में भी वोट स्विंग ने अहम रोल निभाया है। एक या दो प्रतिशत नहीं, बल्कि 0.49 प्रतिशत में मध्यप्रदेश में बड़ा खेल हो गया है। 2018 के मुकाबले में कांग्रेस का वोट प्रतिशत सिर्फ 0.49 प्रतिशत घटा और पूरी 48 सीटें कम हो गईं। 

इसी तरह अन्य राज्यों के चुनाव में भी वोट स्विंग ने इस बार सरकार बनाने और गिराने में अहम रोल निभाया है। राजस्थान में कांग्रेस का वोट बढ़ा तो सीटें घट गई और वह सत्ता से बाहर हो गई। 

दरअसल विधानसभा चुनाव में वोट स्विंग होना आम बात मानी जाती है। राजनीतिक जानकर कहते हैं कि एक-दो प्रतिशत वोट स्विंग होने से ही सरकारें बनाने और गिराने के सारे समीकरण बदल जाते हैं। 

वहीं डेटा कहता है कि कई राज्यों में सिर्फ एक या दो परसेंट वोटों के अंतर से सरकार बदल जाती हैं। ऐसे में सभी पार्टियां अपने बेस वोट बैंक को साधने पर खास फोकस तो रखती ही हैं। अन्य दलों के परंपरागत वोट में भी सेंध लगाने में कसर नहीं छोड़ती हैं। ताकि सत्ता के समीकरण सटीक बैठाए जा सकें।

वोट शेयर की बात की जाए तो इस बार बीजेपी ने राजस्थान में 41.69 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। कांग्रेस को 39.53 प्रतिशत वोट मिले हैं. 2018 में बीजेपी को 38.77 प्रतिशत और कांग्रेस को 39.30 प्रतिशत वोट मिले थे। यानी कांग्रेस ने इस बार 0.23 प्रतिशत ज्यादा वोट हासिल किए लेकिन, 30 सीटों का नुकसान हो गया है।

 वहीं, बीजेपी के वोटिंग परसेंटेज में जबरदस्त 2.92 फीसदी सुधार हुआ है और सीधे 42 सीटों का फायदा पहुंचा है। आंकडे कहते हैं कि बीजेपी का वोटिंग परसेंटेज बढ़ने से कांग्रेस को नुकसान पहुंचा है। बीजेपी ने कांग्रेस समेत अन्य दलों के वोट बैंक में सेंध लगाई है. निर्दलीय से लेकर बागी और छोटे दल भी पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके।

तेलंगाना: कांग्रेस को 45 सीटों का फायदा
तेलंगाना की सत्ता से केसीआर 9 साल से सरकार चलाने के बाद बाहर हुए हैं। कांग्रेस ने तेलंगाना में पहली बार सरकार बनाई है। जबकि 2014 में केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने तेलंगाना को अलग राज्य बनाया था। तब से दो चुनाव हुए और दोनों में केसीआर की पार्टी बीआरएस ने जीत हासिल की। तेलंगाना में 119 सीटों पर चुनाव में बहुमत के लिए 60 सीटों का आंकड़ा जरूरी था. इस चुनाव में कांग्रेस ने 64 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 45 सीटों का फायदा हुआ। बीआरएस ने 39 सीटों पर जीत हासिल की। उसे 49 सीटों का नुकसान पहुंचा. भाजपा ने 8 सीटें जीतीं, बीजेपी को सात सीटों का फायदा पहुंचा।