प्रगति मैदान में नया आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुनर्विकसित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करने वाले हैं। ये कॉम्पलेक्स भारत में आयोजित होने वाले सम्मेलनों के लिए सबसे विशाल स्थान के रूप में जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (26 जुलाई) सुबह नई दिल्ली के प्रगति मैदान पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने बुधवार सुबह यहां नवनिर्मित भव्य आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स के हवन-पूजन में शामिल हुए। हवन और पूजा के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने परिसर की तैयारी में लगे मजदूरों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस बीच प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से बात भी की।
केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 2,700 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी। आईटीपीओ का नया परिसर अगले सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
सुबह हवन पूजन के बाद शाम को नये भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम को पीएम भी संबोधित कर सकते हैं। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए करीब एक हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।
शीर्ष 10 कन्वेंशन सेंटरों में शामिल
ITPO का नया कॉम्प्लेक्स दुनिया के शीर्ष 10 कन्वेंशन सेंटरों में से एक होगा, जो हनोवर, जर्मनी और शंघाई, चीन जैसे प्रसिद्ध कन्वेंशन सेंटरों को टक्कर देने के लिए तैयार है। 7000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले इस कन्वेंशन सेंटर को काफी भव्य रूप दिया गया है। लोगों के बैठने की क्षमता के मामले में यह ऑस्ट्रेलिया के सिडनी ओपेरा हाउस से भी बड़ा है।
नया कन्वेंशन सेंटर अंतरराष्ट्रीय मेगा कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों और असाधारण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए अच्छी तरह से डिजाइन किया गया है। इसके अलावा इसमें 3000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक भव्य एम्फीथिएटर भी है।
इस नवीन सेंटर में 7 नए एवं बेहतरीन प्रदर्शनी हॉल तथा 3 भव्य ओपन थियेटर भी मौजूद हैं। यहां 5,500 से भी ज्यादा वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यह बेहतरीन सड़क सुविधा से युक्त और पांच सितारा होटलों के नजदीक स्थित है।
24x7 निगरानी हेतु एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। सर्व सुविधा युक्त होने के साथ ही, सुरक्षित सामान की आवाजाही, कई प्रकार के व्यंजन और खान-पान की सारी सुविधाएं एक ही जगह पर मौजूद हैं।
1.5 लाख वर्ग मीटर का विशाल आच्छादित (कवर्ड) क्षेत्र, 26 फुटबॉल मैदानों के बराबर। इमारत को दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अनुकूलता को ध्यान में रखकर बनाया गया है। ये कन्वेंशन सेंटर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा कारीगरों हेतु वैश्विक मंच के साथ ही फास्ट 5G इंटरनेट एवं 10G इंट्रानेट बैंडविथ युक्त सुविधा के साथ ही एक श्रेष्ठ भारत की भावना समाहित किए हुए पूरे देश से बेहतरीन कलाकृतियों एवं चुनिंदा सामग्रियों से युक्त है।