समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने मणिपुर मुद्दे पर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मणिपुर मुद्दे की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है लेकिन हमारे देश में इस पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने इसे शर्मनाक बताया।
जया बच्चन ने संसद में कहा मैं और क्या कह सकती हूं कि मणिपुर की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है लेकिन हमारे देश में नहीं...यह शर्म की बात है।'
वहीं, इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत का भी बयान सामने आया है। संजय राउत ने सदन में मणिपुर का मुद्दा उठाने पर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, क्या हम इस मुद्दे को संसद में नहीं उठा सकते। मणिपुर में हत्या, बलात्कार और नग्न महिलाओं की परेड के बाद क्या हम संसद में आवाज नहीं उठा सकते और सरकार से सवाल नहीं कर सकते? हम जानना चाहते हैं कि सरकार ने क्या किया है और प्रधानमंत्री की भूमिका क्या है।
आपको बता दें, कि मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं के साथ यौन हिंसा और उनको नग्न करके परेड करवाने का मामला सामने आया था। हाल ही में महिलाओं का ये वीडियो सामने के बाद देशभर में इस पर बवाल मचा हुआ है। साथ ही इसे लेकर जनता में काफी आक्रोश भी है।