हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस को भारी बहुमत मिला है। यहां पर विधानसभा की 68 में से 40 सीटें कांग्रेस के खाते में आई हैं। जीत के बाद से ही कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए भी घमासान शुरु हो गया है। 

मुख्यमंत्री पद के लिए वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव अभियान समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह के नाम सुर्ख़ियों में हैं। अब कांग्रेस ने अपने फॉर्मूले के तहत सभी विधायकों से तीन-तीन नाम प्राथमिकता के आधार पर मांगे गए हैं। विधायकों के मिले फीडबैक के आधार पर ही आलाकमान नए मुख्यमंत्री का नाम तय करेगा। 

इधर वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी सीएम पद के लिए अपनी उम्मीदवारी साफ कर दी है। उनका कहना है कि आलाकमान ने उनको हिमाचल की जीत सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी सौंपी थी, जिसे उन्होंने बखूबी पूरा भी किया है। हिमाचल के चुनाव परिणाम इसी बात का प्रमाण हैं। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी का कहना है कि उन्होंने हिमाचल की सभी 68 विधानसभाओं का दौरा किया था।

सूत्रों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान सुखविंदर सुक्खू का नाम सामने कर सकती है। इस बात की चर्चा पार्टी में जोरों पर है। कहा जा रहा है कि सुक्खू के नाम पर हाईकमान की सहमति बन गई है। बड़ी वजह यह बताई जा रही है कि अगर सुक्खू सीएम बने तो 3 निर्दलीय भी कांग्रेस को समर्थन देंगे। सुक्खू को 15 विधायकों के समर्थन की भी खबर है।

सूत्रों के मुताबिक अब सुक्खू के नाम पर प्रतिभा सिंह को मनाने की बात चल रही है। सुक्खू का विरोध करने वाले विधायकों से भी हाईकमान संपर्क में है ताकि फैसला सार्वजनिक होने पर पार्टी में दरार न पड़े। हालांकि, अगर न तो प्रतिभा और न ही उनके समर्थक विधायक सहमत होते हैं तो आलाकमान अन्य विकल्पों पर विचार कर सकता है।

चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला अभी हिमाचल में ही डेरा डाले हुए हैं। सीएम का नाम तय करने के बाद ही वे उनके हिमाचल से वापस लौटेंगे।