महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि हमारे देश में दो राष्ट्रपिता हैं। महात्मा गांधी पुराने राष्ट्र के पिता थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के राष्ट्रपिता हैं। अमृता कहती हैं मैं बहुत ज्यादा बोलती हूं, इस बार आरएसएस से भी शिकायत की गई, यह सही है। लेकिन मैं जो हूं वो मैं हूं। अमृता के इस बयान को लेकर अब सियासी पारा गर्म होता दिखाई दे रहा है। बयान अब सोशल मीडिया की सुर्खियों में है।
अमृता फडणवीस ने ये बयान मंगलवार को नागपुर में 'अभिव्यात वैदरबिया लेखिका संस्थान' द्वारा आयोजित 'अभिरूप कोर्ट' नामक कार्यक्रम में दिया। अमृता यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि मैं खुद कभी राजनीतिक बयान नहीं देती, मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। मेरे द्वारा दिए गए बयानों पर आम लोग ट्रोल नहीं होते। यह एनसीपी या शिवसेना वालों का काम है।
इस बीच अमृता ने कहा कि मैं ज्यादा राजनीतिक बयान नहीं देती क्योंकि इससे मुझे और देवेंद्रजी दोनों को दुख होता है। लोग दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर फायदा उठाना जानते हैं।
ये कोई ऐसा पहला मामला नहीं है जब अमृता फडणवीस ने इस तरह का बयान दिया है। अमृता अक्सर अपने बेबाक बयानों की वजह से विवादों में बनी रहती हैं। तीन साल पहले भी अमृता ने पीएम मोदी को राष्ट्रपिता कहा था। इसके अलावा कुछ दिनों पहले छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर विवाद खड़ा होने पर अमृता राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का बचाव करती भी नज़र आई थी। वहीं हाल ही में बाबा रामदेव ने भी अपने शिविर में अमृता फडनवीस को लेकर ही टिप्पणी की थी जिसके बाद काफी बवाल मच गया था।