राजौरी एनकाउंटर में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का चेक देते समय फोटोशूट कराकर योगी सरकार के मंत्री विवादों में फंस गए है। शहीद की मां इस दौरान बिलख-बिलख कर यह कहती रही कि मेरी प्रदर्शनी मत लगाओ। मुझे मेरा बेटा वापस ला दो।
कैप्टन शुभम गुप्ता राजौरी में आतंकियों के साथ मुठभेड में शहीद हो गए थे। उत्तर प्रदेश सरकार ने शहीद शुभम गुप्ता के परिजनों को पचास लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था। ये चेक देने जब योगी सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय शहीद के घर पहुंचे तब ये शर्मनाक वाकया सामने आया।
वीडियो वायरल होते ही विपक्ष के साथ सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। पत्रकार मानक गुप्ता ने लिखा-अभी-अभी इस मां का बेटा कैप्टन शुभम गुप्ता शहीद हुआ है और UP के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय चेक देने पहुंच गये…कैमरे पर पोज़ देने को कह रहे हैं…!!! कुछ तो इंसानियत दिखाई होती मंत्री जी
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में बुधवार को आगरा निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता भी शहीद हो गए थे। शुभम वर्ष 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2018 में उन्हें कमीशन मिला था। शुभम की पहली पोस्टिंग ऊधमपुर में हुई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित देते हुए उनके परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा जनपद की एक सड़क का नामकरण शहीद शुभम गुप्ता के नाम पर करने की भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की है।