मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। अगले माह जनवरी में इंदौर में आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस व इन्वेस्टर्स समिट और खेलो इंडिया गेम्स के आयोजन संबंधी विषयों पर मुख्यमंत्री ने मोदी से मार्गदर्शन प्राप्त किया। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात मप्र में चल रही योजनाओं व केंद्रीय मदद के साथ ही मप्र की सियासत के संबंध में काफी महत्वपूर्ण रही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री को इंदौर में होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम व ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के बारे में जानकारी दी। ज्ञात हो कि मोदी ही इंदौर में प्रवासी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

बताया जाता है कि उन्होंने इन्वेस्टर्स समिट में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल उपस्थित एवं संबोधित करने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, कार्यक्रमों और जनकल्याण की योजनाओं की प्रगति के साथ ही मप्र से जुड़े अन्य समसामयिक विषयों पर भी बात की है। ज्ञात हो कि इंदौर में 8 से 12 जनवरी के बीच तीन दिनी प्रवासी भारतीय सम्मेलन और दो दिनी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां अंतिम चरण में है। 

कई राजनयिकों का जमावड़ा 

जनवरी में मप्र के इन दोनों बड़े इंवेंट में मेहमानों पर खास फोकस है। माना जा रहा है कि सरकार का प्रवासी भारतीय सम्मेलन पर ज्यादा जोर है क्योंकि  9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसमें शिरकत करेंगे। इसी सम्मेलन में चार देशों के कैबिनेट व्यापार प्रतिनिधियों के अलावा सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी भी आएंगे। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली और भारतीय मूल की ऑस्ट्रेलियाई सांसद जनेता मैस्करेनहास के सम्मेलन में शामिल होने की पुष्ठि हो चुकी है। जबकि 11 व 12 जनवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में बांग्लादेश, पनामा, जिम्बाब्वे और मॉरीशस सहित चार देशों के कैबिनेट व्यापार प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे जबकि कनाडा, जापान, मॉरीशस, नीदरलैंड, बांग्लादेश, गुयाना, सूरीनाम और जिम्बाब्वे सहित नौ देश इसमें भागीदारी निभाएंगे। 

सियासी मायनों में भी महत्वपूर्ण है मुलाकात मुख्यमंत्री की आज पीएम मोदी के साथ करीब 50 मिनट की मुलाकात सिर्फ प्रशासनिक मामलों में ही नहीं बल्कि कई जरूरी व नाजुक सियासी मसलो को लेकर खासी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि जनवरी के दूसरे पखवाड़े में मप्र में सियासी रूप से कुछ नये परिवर्तन प्रस्तावित हैं। इसमें भाजपा संगठन और शिवराज कैबिनेट में फेरबदल के मामले बहुत खास है। इन सभी को विधानसभा चुनाव की जरूरत के मुताबिक डिजाइन किया जा रहा है। कैबिनेट में नये चेहरों को जोड़ने व नॉन परफार्मर मंत्रियों को हटाने या पर कतरने की भी जरूरत महसूस की गई है। 

 मप्र में आज मंत्रिपरिषद की 'कैपेसिटी बिल्डिंग' का सत्र 

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज बताया कि प्रदेश में आज सुबह से शाम तक मंत्रिपरिषद की' कैपेसिटी बिल्डिंग' का सत्र आयोजित होगा। डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुरूप नवाचार और जनता की सेवा श्रेष्ठ तरीके से कैसे हो सकती है, विकास कार्यों में तेजी कैसे ला सकते हैं, इन सभी मुद्दों पर विमर्श के लिए सुबह से शाम तक सत्र चलेगा।